प्रस्तुत पाठ वेद व्यास द्वारा रचित महाभारत ग्रन्थ के वनपर्व से उद्धृत है। जिसमें व्यास द्वारा कौरव प्रधान धृतराष्ट्र को समझाने का प्रयास किया गया है कि तुम पिता हो और तुम्हें अपने पुत्रों के साथ अपने भतीजों (पाण्डवों) के हित का ख्याल रखना है। प्रस्तुत प्रसंग में गाय के मातृत्व की चर्चा करते हुए गोमाता सुरभि और इन्द्र के माध्यम से यह बताया गया है कि माता के लिए सब संतान बराबर होती है उसके हृदय में अपनी सब सन्तानों के लिए समान स्नेह होता है।

एक किसान दो बैलों से अपना खेत जोत रहा था। तभी उनमें से एक दुर्बल बैल हल चलाने व शीघ्र चलने में असमर्थ हो पृथ्वी पर गिर पड़ता है, तो किसान उसे उठाने का प्रयत्न करता है। भूमि पर गिरे हुए दुखित बैल (अपने पुत्र) को देखकर, माता सुरभि की आँखों से आँसू बहने लगते हैं। इन्द्र सुरभि से दुःख का कारण पूछते हैं तो सुरभि कहती है कि क्या आप नहीं देख रहे कि यह मेरा पुत्र किसान द्वारा पीड़ित किया जा रहा है। इन्द्र कहते हैं कि हजारों पुत्रों की माता होते हुए भी इस दीन पुत्र के लिए इतना स्नेह क्यों?

माता सुरभि कहती है कि सभी सन्तानों के लिए माता समान स्नेह वाली होती है। परन्तु दुर्बल पुत्र पर माता का विशेष स्नेह होता है। सुरभि के वचन सुनकर इन्द्र का हृदय भी द्रवित हो जाता है फिर प्रचण्ड वायु के साथ वर्षा आरम्भ होने पर किसान बैलों को लेकर अपने घर आ जाता है।